शहीद नायक इंद्र बहादुर सुब्बा को श्रद्धांजलि, सीआरपीएफ ने गांव पहुंचकर किया स्मरण

लखीपुर, 30 मई। देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद नायक/जीडी इंद्र बहादुर सुब्बा की शहादत दिवस पर शनिवार को सीआरपीएफ ग्रुप केन्द्र सिलचर द्वारा उनके पैतृक गांव फुलेरटोल (लखीपुर) में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, परिजनों, रिश्तेदारों तथा स्थानीय लोगों ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ज्ञातव्य है कि 30 मई 1989 को सीआरपीएफ की 38वीं बटालियन की एक टुकड़ी पंजाब के तरनतारन जिले के महमूदपुर गांव में गश्त ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान आतंकवादियों ने घात लगाकर जवानों पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। बल की टुकड़ी ने साहसपूर्वक जवाबी कार्रवाई की और आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में नायक/जीडी इंद्र बहादुर सुब्बा गंभीर रूप से घायल हो गए और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
शहादत दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ ग्रुप केन्द्र सिलचर के उप महानिरीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं जवानों का एक दल शहीद के गांव पहुंचा। कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट बियोंडी सिंह हिजाम सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीद इंद्र बहादुर सुब्बा का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम के दौरान शहीद के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर शहीद के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।