गवर्नमेंट आदर्श कॉलेज बड़खोला में सप्ताहव्यापी ‘कंजर्वेशन’ कार्यक्रम का शुभारंभ
सनी रॉय, शिलचर:
गवर्नमेंट आदर्श कॉलेज, बड़खोला के समाजशास्त्र विभाग की पहल तथा कॉलेज के इंटरनल क्वालिटी एक्सीलेंस सेल के सहयोग से हर वर्ष आयोजित होने वाला सप्ताहव्यापी कार्यक्रम “कंजर्वेशन” इस वर्ष भी उत्साहपूर्ण वातावरण में शुरू हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और समाज में पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश फैलाना है।
उद्घाटन समारोह में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. जॉयदीप गोस्वामी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके विभिन्न चरणों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य सहाबुद्दीन अहमद ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता, वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता तथा समाज की भूमिका पर सारगर्भित वक्तव्य रखा।
कार्यक्रम का नामकरण समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका प्रोफेसर चंदा मेधी द्वारा किया गया। समारोह में इक्वल राइट्स सेल की समन्वयक डॉ. मौसना नाथ, शिक्षा विभाग की प्राध्यापिका डॉ. रूपश्री पाल तथा दीक्षा डे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका डॉ. आयशा अफसाना ने किया।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत चंद्रनाथपुर स्कूल तथा जरैलतला हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा जरैलतला बाजार और बाबुरबाजार क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पौधों का वितरण और विभिन्न विद्यालयों में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। यह अभियान आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संपन्न होगा।
समाजशास्त्र विभाग ने इस पर्यावरण जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी लोगों से सहयोग की अपील की है।