आंधी -पानी के कारण बिहार में मौसम ने ली करवट ,ठनका ने चार का लिया जान, आंधी -पानी के कारण कई ट्रेनों का परिचालन पर असर

अनिल मिश्र/ पटना
बिहार प्रदेश में आज अहले सुबह -सुबह मौसम ने करवट ले ली है। जिसके कारण प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और ठनका (वज्रपात) के साथ भारी बारिश हुई।इस वज्रपात के कारण अलग-अलग जिलों में चार लोगों की मौत हो गयी है। जिसमें राजधानी पटना जिले में दो बच्चियों की मौत हुई है। वहीं गया जिले में भी एक बच्ची और एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि सीतामढ़ी और वैशाली में भारी बारिश और तेज हवा के कारण बिजली ठप हो गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गया जिले के डुमरिया प्रखंड के भदवर थाना क्षेत्र के किशुन चक गांव में आज शुक्रवार को अहले सुबह वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई।जो मृतक की पहचान 32 वर्षीय दिनेश यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश यादव शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह घर से भैंस चराने निकले थे।इस बीच गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर बीजूआ बरवाडीह स्थित हरिईटाड़ इलाके में पहुंचे ही थे कि अचानक मौसम खराब हो गया। तेज गर्जना और चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली (ठनका) उनके ऊपर गिर पडी़।इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी घटनास्थल पहुंचे। वहीं पति का शव देखते ही पत्नी बेसुध होकर गिर पड़ी।इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश यादव बेहद गरीब परिवार से था। मजदूरी और पशुपालन के सहारे किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं. कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी एक बेटी की शादी की थी। वहीं गया जिले के ही बाराचट्टी प्रखंड के गुलरवेद गांव की एक लड़की की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गयी।लड़की की मां गंभीर रूप से झुलस गयी। मृतका की पहचान 17 वर्षीय मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। मां-बेटी घर से निकली थीं कि अचानक शुरू हुई बारिश से बचने के लिए गांव के ही समीप एक महुआ के पेड़ के नीचे गौरी देवी और उसकी पुत्री मनीषा कुमारी 17 वर्ष खड़ी थीं।इसी दौरान पेड़ पर वज्रपात हुआ। बेटी की मौत हो गयी, वहीं मां गौरी देवी का इलाज चल रहा है। जबकि राजधानी पटना फुलवारी के सकरैचा गांव में ठनका गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतका की पहचान सिमरन कुमारी (12) पिता गोपाली पासवान और स्वीटी कुमारी (10) पिता रिपु पासवान के रूप में हुई है।इस संबंध में स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बच्चियां बधार में बकरी चराने गई थीं।इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और ठनका गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं।इस बीच भाकपा माले की टीम मौके पर पहुंची और मृतक परिवारों को सांत्वना दी है ।इस बीच पार्टी नेताओं ने सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं बिहार प्रदेश में मूसलाधार बारिश के बीच ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक गया जिला अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। इसमें दुरंतो एक्सप्रेस, अजमेर सियालदह एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल है।हालांकि बाद में एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन सामान्य होने की सूचना है।इस बीच रेलवे के अनुसार गया में कई एक्सप्रेस ट्रेनें मूसलाधार बारिश के कारण फंस गई है ।ट्रैक में फिसलन होने के कारण ट्रेन आगे नहीं बढी और रोक दी गई है। उसके बाद में मूसलाधार बारिश थमने के बाद एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन सामान्य हुआ।इस संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार को गया जिले में मूसलाधार बारिश हुई। जिसके कारण एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गया- धनबाद रेलखंड के बसकटवा स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस रुकी। वहीं गुरपा में अजमेर सियालदह, पहाड़पुर में जनशताब्दी एक्सप्रेस, टनकुप्पा में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रुकी रही। उसके बाद मौसम अनुकूल होने के बाद इनका परिचालन किया गया। वहीं इस संबंध में पटना मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रह सकती है।इस बीच प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली के खंभों व पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है और बताया गया है कि प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।