रंगपुर अग्निकांड: पीड़ितों के साथ खड़े हुए विधायक राजदीप ग्वाला, आर्थिक सहायता भी प्रदान की

रंगपुर अग्निकांड: पीड़ितों के साथ खड़े हुए विधायक राजदीप ग्वाला, आर्थिक सहायता भी प्रदान की
शिलचर, 12 मई।
उधारबंद के नव निर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला ने रंगपुर के शिमुलतला क्षेत्र में लगी भीषण आग से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए हरसंभव सहायता का हाथ बढ़ाया। उन्होंने न केवल पीड़ितों का हालचाल जाना, बल्कि आर्थिक सहायता प्रदान कर मानवता का परिचय भी दिया।
गौरतलब है कि रविवार तड़के करीब 1:30 बजे रंगपुर के शिमुलतला इलाके में भीषण आग लगने से पांच घर पूरी तरह प्रभावित हो गए। आग की इस घटना में घरों में रखा फर्नीचर, आवश्यक दस्तावेज, छह ई-रिक्शा तथा दो मोटरसाइकिल जलकर राख हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राजदीप ग्वाला ने तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए तथा गुवाहाटी स्थित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ितों को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
हालांकि विधायक स्वयं उस समय गुवाहाटी में होने के कारण घटनास्थल पर उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने अपना प्रतिनिधिमंडल मौके पर भेजा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों को सांत्वना दी। विधायक की ओर से प्रभावित घरों एवं जले हुए वाहनों के मालिकों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल में मालूग्राम-रंगपुर मंडल अध्यक्ष पुलक देव, कार्यालय सचिव बीजू चंदा, महासचिव कृष्णा रॉय, रुपेश रंजन दास, जीसु देव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।
इस दौरान बराक चाय युवा कल्याण समिति के सभापति लालन प्रसाद ग्वाला ने भी घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उनकी उपस्थिति में ही विधायक की ओर से आर्थिक सहायता वितरित की गई।
स्थानीय लोगों ने विधायक राजदीप ग्वाला की त्वरित मानवीय पहल और संवेदनशीलता की सराहना की है।

Leave a Comment