श्रीभूमि पुलिस की बड़ी सफलता: एटीएम ठगी गिरोह के दो शातिर सदस्य गिरफ्तार
65 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद, बुजुर्गों को बनाते थे निशाना
गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 6 मई:
श्रीभूमि जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एटीएम ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाब्बार अली लस्कर और अफजल हुसैन लस्कर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कछार जिले के सिलचर से सटे इलाके के निवासी बताए गए हैं।
रामकृष्णनगर थाना पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 65 एटीएम कार्ड, चार मोबाइल फोन तथा लगभग 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से इलाके में एटीएम धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब रामकृष्णनगर निवासी मतीलाल चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से अचानक 27 हजार रुपये गायब हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और विभिन्न एटीएम बूथों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विशेष रूप से बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम से पैसे निकालने में मदद करने के बहाने वे लोगों के कार्ड बदल लेते थे और बाद में उन्हीं कार्डों का इस्तेमाल कर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
श्रीभूमि जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्रि नयन भुइया ने बताया कि इस मामले में बराक घाटी में सक्रिय एक बड़े ठगी गिरोह के जुड़े होने की आशंका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।