आदर्श भक्त मंडल की आम सभा सम्पन्न, नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन
शिलचर। आदर्श भक्त मंडल की आम सभा हस्टी टेस्टी रेस्टोरेंट के सभागार में अध्यक्ष गिरजा शंकर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में हनुमान चालीसा पाठ के साथ किया गया। बैठक में पहली बार बड़ी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति देखने को मिली तथा मंडल से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सभा में सचिव हरीश काबरा ने पिछली बैठक का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अध्यक्ष गिरजा शंकर अग्रवाल ने अपने दो कार्यकालों में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उनके कार्यकाल में कोई त्रुटि हुई हो तो वे विनम्रतापूर्वक क्षमाप्रार्थी हैं। पूर्व अध्यक्ष पवन राठी ने राम जन्मभूमि उद्घाटन अवसर पर आयोजित भव्य समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया।
जलपान के पश्चात नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा की गई। सर्वसम्मति से किशनलाल राठी को अध्यक्ष चुना गया। घनश्याम तापड़िया एवं सुरेंद्र कोठारी को उपाध्यक्ष, रेखा-प्रकाश सेठिया को सचिव, गोवर्धन भाटी एवं राजीव भूटोड़िया को सह सचिव तथा सुशील तापड़िया को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं हनुमान जैन, परमेश्वरलाल काबरा एवं मदन सिंघल को संरक्षक तथा गिरजा शंकर अग्रवाल, हरीश काबरा एवं ललित बोथरा को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
नवनिर्वाचित सचिव रेखा-प्रकाश सेठिया ने मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक मास के दौरान आठों मंगलवार को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
अंत में ओम शांति पाठ के साथ सभा का समापन हुआ तथा सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।