विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर शिलचर प्रेस क्लब में कार्यक्रम
शांतिपूर्ण भविष्य के निर्माण हेतु स्वतंत्र पत्रकारिता सुनिश्चित करने का आह्वान
शिलचर, 3 मई : विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रविवार को सिलचर प्रेस क्लब में एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने लोकतंत्र, मानवाधिकार और समाज के समग्र विकास के लिए स्वतंत्र पत्रकारिता को अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज, राष्ट्र और विश्व की प्रगति के लिए पत्रकारों की स्वतंत्रता हर परिस्थिति में अक्षुण्ण रहनी चाहिए। नियंत्रित अथवा दबाव में कार्य करने वाला मीडिया समाज और राज्य को सही दिशा नहीं दिखा सकता। लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र और निष्पक्ष समाचार माध्यम की भूमिका को सभी को समझना होगा।
इस वर्ष यूनेस्को द्वारा निर्धारित विषय था—
“शांतिपूर्ण भविष्य का निर्माण : मानवाधिकार, विकास और सुरक्षा के लिए स्वतंत्र समाचार माध्यम आवश्यक।”
कार्यक्रम में विशिष्ट कवि, पत्रकार एवं चिंतक अतिन दास, प्रेस क्लब के सामान्य सचिव शंकर दे, तकनीकी विशेषज्ञ एवं समाजसेवी अनुप कुमार दास तालुकदार, समाजसेवी अरुंधती चौधरी, पत्रकार एवं समाजसेवी विश्वदीप गुप्ता, कवि-पत्रकार स्मृति पाल नाथ, पत्रकार चयन भट्टाचार्य, कवि एवं समाजसेवी शतदल आचार्य, पत्रकार अभिजीत भट्टाचार्य, पत्रकार विश्वकल्याण पुरकायस्थ, पत्रकार मकसूदुल चौधरी तथा समाजसेवी अमलेंदु दे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विकास चक्रवर्ती ने की। उपस्थित वक्ताओं ने पत्रकारों की सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा निष्पक्ष समाचार प्रसारण को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य बताया।