अनुसूया दास स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता 1 मई से, शिलचर डीएसए की तैयारियां पूरी

अनुसूया दास स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता 1 मई से, शिलचर डीएसए की तैयारियां पूरी
शिलचर, 30 अप्रैल : शिलचर जिला क्रीड़ा संगठन (डीएसए) के तत्वावधान में आयोजित “अनुसूया दास स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता” आगामी 1 मई से शुरू होने जा रही है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता शिलचर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसका समापन 3 मई को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।
बुधवार को तुलसी दास बनिक कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में डीएसए पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी साझा की। बताया गया कि प्रतियोगिता में अंडर-9 से लेकर 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों को शामिल करते हुए कुल 10 ग्रुप बनाए गए हैं। इन विभिन्न वर्गों में लगभग 100 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
पत्रकार सम्मेलन में मौजूद प्रायोजक परिवार की ओर से सौरभ डे ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं डीएसए के कार्यकारी सचिव देवाशीष सोम, एजीएस आदर्श अजय कुमार राय तथा इंडोर सचिव अनिमेष चंद ने प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीएसए अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता जिले के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करेगी तथा खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment