लेबुरबंद में 65 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में सनसनी
शिलचर, 30 अप्रैल : कछार जिले के लेबुरबंद क्षेत्र में एक 65 वर्षीय वृद्ध का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शकिचरण चौधुरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शकिचरण चौधुरी बुधवार शाम घर से गाय लाने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार को खोजबीन के दौरान हाथीछड़ा चाय बागान के एक पेड़ की डाल से उनका शव लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।
घटना की सूचना मिलते ही हाथीछड़ा क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और तुरंत शिलचर मालूग्राम थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस तथा मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटनास्थल पर हाथीछड़ा आंचलिक पंचायत सदस्य रामू छात्री, मुरलीधर पंचायत के आंचलिक सदस्य लालबांशी, हाथीछड़ा ग्राम पंचायत की ग्रुप सदस्य सुलताना अहमद सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।