उधारबंद में विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान, मलेरिया-मुक्त भारत का आह्वान

उधारबंद में विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान, मलेरिया-मुक्त भारत का आह्वान

उधारबंद। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर केंद्रीय सुरक्षा बल के ग्रुप सेंटर दयापुर तथा गुरुकुल इंग्लिश मीडियम हाईस्कूल, उधारबंद में जागरूकता सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मलेरिया के प्रति सचेत करना और देश को मलेरिया-मुक्त बनाने का संदेश देना था।

दयापुर स्थित ग्रुप सेंटर में आयोजित सभा की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.वी.ए. नायडू के संबोधन से हुई। उन्होंने मलेरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. नायडू ने उपस्थित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के बुखार को नजरअंदाज न करें, क्योंकि यह डेंगू या जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है, जो लापरवाही बरतने पर जानलेवा साबित हो सकती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें और आवश्यक जांच कराकर ही उचित उपचार शुरू करें।

कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग की मुख्य अधिकारी डॉ. रत्ना चक्रवर्ती और उधारबंद ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एसडीएमओ डॉ. अर्जुन प्रसाद गोयाला ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय मलेरिया के प्रकोप का होता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने घर के आसपास साफ-सफाई रखने, झाड़ियों को हटाने, मच्छरदानी का उपयोग करने और बुखार होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी। साथ ही, पिछले वर्षों में मलेरिया के मामलों से जुड़े आंकड़ों की भी जानकारी साझा की गई।

डॉ. गोयाला ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी जुही लस्कर, मलेरिया इंस्पेक्टर सोमा डे, वरिष्ठ निरीक्षक किशोर भट्टाचार्य, आशा कार्यकर्ता नमिता डे, ग्रुप सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार जैन, डॉ. ज्योति तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित थे।

इसी दिन उधारबंद के गुरुकुल इंग्लिश मीडियम हाईस्कूल में भी एक जागरूकता सभा आयोजित की गई। स्कूल के प्राचार्य गोलक गोयाला, डॉ. रत्ना चक्रवर्ती और डॉ. अर्जुन प्रसाद गोयाला ने छात्रों को मलेरिया से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment