शिलचर में मुख्यमंत्री का मेगा रोड शो: जनसैलाब से सड़कों पर उमड़ा उत्साह, शहर हुआ ‘भाजपामय’

शिलचर में मुख्यमंत्री का मेगा रोड शो: जनसैलाब से सड़कों पर उमड़ा उत्साह, शहर हुआ ‘भाजपामय’
शिलचर, 3 अप्रैल: बराक घाटी के राजनीतिक माहौल को चरम पर पहुंचाते हुए शुक्रवार शाम शिलचर में मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma का भव्य रोड शो अभूतपूर्व जनसमर्थन के साथ आयोजित हुआ। इटखोला मैदान से शुरू हुए इस रोड शो में हजारों की संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा शहर ‘भाजपामय’ नजर आया।
रोड शो उधारबंद से भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला और शिलचर विधानसभा सीट से प्रत्याशी Rajdeep Roy के समर्थन में निकाला गया। “जय श्रीराम” और “फिर एक बार मोदी सरकार” के नारों से गूंजते शहर में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।
इटखोला से रांगीरखाड़ी तक जनसैलाब
रोड शो इटखोला मैदान से शुरू होकर कैपिटल चौराहा, क्लब रोड, सेंट्रल रोड, प्रेमतला और हॉस्पिटल रोड होते हुए रांगीरखाड़ी में समाप्त हुआ। करीब दो से ढाई घंटे तक चले इस रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। छतों, दुकानों और गलियों से लोग मुख्यमंत्री का अभिवादन करते नजर आए।
सुरक्षा और व्यवस्था बनी चुनौती
शाम करीब 5:30 बजे जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला इटखोला मैदान पहुंचा, उन्हें रोड शो वाहन तक ले जाने में सुरक्षा कर्मियों और कार्यकर्ताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि कैबिनेट मंत्री Kaushik Rai को स्वयं आगे आकर लोगों से रास्ता देने की अपील करनी पड़ी।
मुख्यमंत्री खुली गाड़ी में सवार होकर पूरे रास्ते जनता का अभिवादन स्वीकार करते रहे। कई बार वे गाड़ी की छत पर खड़े होकर हाथ हिलाते दिखाई दिए। समर्थक पुष्पवर्षा कर रहे थे, गमछा भेंट कर रहे थे और कुछ लोग अपनी समस्याएं भी मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की कोशिश करते दिखे।
यातायात पर पड़ा असर
भारी भीड़ को देखते हुए मेट्रो बाजार से रांगीरखाड़ी तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। इसके चलते शहर के अन्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन और चुनाव आयोग सतर्क
पूरे रोड शो के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। साथ ही, चुनाव आयोग की विशेष रूप से एक्सपेंडिचर सेल की नजर भी पूरे आयोजन पर बनी रही।
चाय बागानों से भी उमड़ी भीड़
इस रोड शो में उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के लगभग 30 चाय बागानों से आए श्रमिकों और समर्थकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। राजदीप ग्वाला के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे उनकी स्थिति मजबूत होती दिखाई दी।
भाजपा में उत्साह, चुनाव पर असर संभव
रोड शो की भीड़ और उत्साह को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त ऊर्जा देखने को मिली। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शक्ति प्रदर्शन का असर आने वाले चुनाव परिणामों पर पड़ सकता है।
अन्य सभाएं भी कीं संबोधित
रोड शो के अलावा मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma ने काछाड़ जिले के धोलाई, काठीघोड़ा और बड़खोला विधानसभा क्षेत्रों में तीन अलग-अलग चुनावी सभाओं को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखा।

Leave a Comment