कालाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार
शिलचर, संवाददाता (रानू दत्ता): कछार जिले के कालाइन क्षेत्र में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो लग्जरी वाहनों से लगभग 5.38 किलोग्राम संदिग्ध ड्रग्स और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं। ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूत्रों से कालाइन पुलिस को सूचना मिली थी कि शिलचर से गुवाहाटी की ओर ड्रग्स की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर कालाइन थाना प्रभारी (ओसी) ने शिलचर–कालाइन सड़क के विभिन्न स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया।
शनिवार शाम को एएस-29-9335 (ह्युंडई क्रेटा) और एएस-01-डीआर-7027 (बोलेरो) नंबर की दो लग्जरी गाड़ियां शिलचर की ओर से आते समय हिलारा पाद्रिटिला इलाके में पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों की सीटों के नीचे छिपाकर रखे गए पॉलीथिन बैग से 48 साबुन के डिब्बे बरामद किए गए। जांच में इन डिब्बों में प्रतिबंधित ड्रग्स पाए गए, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने मौके से पांच कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहाब उद्दीन, अबु तालिब, मिजानुर हक, ओमर फारुक और नूर आलम हुसैन के रूप में हुई है। सभी आरोपी नौगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
कालाइन पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि इस ड्रग्स तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।