काछार जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची जारी, कुल मतदाता 13,89,903
काछार, 11 फरवरी:
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार काछार जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम फोटो मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। यह सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत तैयार की गई है, जिसमें 1 जनवरी 2026 को योग्यता तिथि माना गया है।
जिन विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है, वे हैं — 114 लखीपुर, 115 उधारबंद, 116 काठीघोड़ा, 117 बरखोला, 118 शिलचर, 119 सोनाई तथा 120 धोलाई (अनुसूचित जाति)।
जारी अंतिम सूची के अनुसार कछार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 13,89,903 हो गई है। इनमें 6,91,607 पुरुष मतदाता, 6,90,283 महिला मतदाता तथा 13 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
जिले भर में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए कुल 1,732 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा संबंधित बीएलओ के पास यह अंतिम मतदाता सूची निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी आपत्ति या अपील के लिए इच्छुक व्यक्ति नियमानुसार संबंधित प्राधिकरण के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की पुष्टि कर लें, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।