BTC प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी ने गणतंत्र दिवस पर कोकराझार में राष्ट्रीय ध्वज फहराया
कोकराझार 27 जनवरी। BTC प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी ने 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर आज कोकराझार MP & HS सरकारी खेल के मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
BTC सचिवालय कोकराझार में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया
बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (BTC) सरकार ने आज कोकराझार में BTC सचिवालय में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया। BTC के डिप्टी स्पीकर बिजीत गवरा नारज़ारी ने अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। बाद में उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह के संबंध में मीडियाकर्मियों से बातचीत की।
*छठी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने मनाया 77वाँ गणतंत्र दिवस*
दिनांक *26/01/2026* को छठी वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, रानीगुली के प्रांगण में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस शुभ अवसर पर कमांडेंट श्री रविन्द्र कुमार, छठी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा उन्होंने समस्त बल कार्मिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
इसके उपरांत कमांडेंट महोदय ने महानिदेशक महोदय के संदेश को समस्त बल कार्मिकों को पढ़कर सुनाया तथा अपने संबोधन में कहा कि हमें देश के प्रति सदैव ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत–नेपाल एवं भारत–भूटान की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, वामपंथ उग्रवाद एवं आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों तथा देश के अन्य भागों में आंतरिक सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल के जवान अपने कर्तव्यों का अत्यंत कुशलता एवं निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे हैं। देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने में जवानों का साहस, अनुशासन एवं बलिदान अत्यंत सराहनीय है।
“77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर वाहिनी परिसर में क्रिकेट मैच का भी सफल आयोजन किया गया। इस मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिता में वाहिनी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैच का उद्देश्य जवानों में खेल भावना, आपसी भाईचारे एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम को कमांडेंट महोदय द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों का मनोबल और उत्साह और अधिक बढ़ा।”
इस अवसर पर श्री मनोज सनवाल, द्वितीय कमान अधिकारी श्री एम.टी. मेरेन, उप कमांडेंट, श्री भरत शरण, सहायक कमांडेंट, डॉ. विवेकानंद भी. एफ., सहायक कमांडेंट (मेडिकल) सहित वाहिनी मुख्यालय में उपस्थित समस्त अधिकारी एवं बल कार्मिकों द्वारा 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर सहभागिता की गई।
31वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गोसाईगांव में 77 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
दिनांक 26.01.2026 को 31 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गोसाईगांव में 77 वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। यह भव्य समारोह श्री अमित सिंह, कमांडेंट के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें वाहिनी में उपस्थित सभी अधिकारी, जवान, संदीक्षा सदस्यों एवं बच्चों ने सामूहिक रूप से सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके उपरांत कमांडेंट महोदय द्वारा समस्त बलकर्मियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं तथा महानिदेशक महोदय का संदेश पढ़कर सुनाया गया। इसके पश्चात वाहिनी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान संदीक्षा परिवार की ओर से बच्चों के लिए चित्रकला, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गणतंत्र दिवस समारोह के समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित बलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती संजू सिंह के द्वारा पुरस्कृत किया गया।
यह समारोह देशभक्ति, अनुशासन एवं एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा।