न्यू शिलचर सार्वजनिक शनि मंदिर का वार्षिक उत्सव शनिवार को
हाइलाकांदी रोड स्थित न्यू शिलचर के सार्वजनिक शनि मंदिर का वार्षिक उत्सव आगामी शनिवार को पूरे धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बुधवार को मंदिर परिसर में एक पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया।
पत्रकार सम्मेलन में शनि मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष असीम दास अपु, सचिव सुशील पाल, कोषाध्यक्ष अमित पोद्दार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
पूजा समिति की ओर से जानकारी दी गई कि उत्सव के दिन शाम 5 बजे विधिवत पूजा का शुभारंभ होगा। शाम 6 बजे अंजलि अर्पण किया जाएगा, जबकि शाम 7 बजे से भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा संध्या समय बाउल कलाकारों द्वारा बाउल संगीत की विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
समिति ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष वार्षिक उत्सव के अवसर पर रसीद के माध्यम से किसी प्रकार का चंदा संग्रह नहीं किया जा रहा है। हालांकि, यदि कोई भक्त स्वेच्छा से मनोकामना पूर्ति के उद्देश्य से दान या अर्घ्य अर्पित करना चाहते हैं, तो वे सीधे मंदिर परिसर में आकर पूजा समिति से संपर्क कर सकते हैं।
पूजा समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालु भक्तों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने एवं महाप्रसाद ग्रहण करने की हार्दिक अपील की है।