दयापुर कैंप में रोमांचक इंटर-सेक्टर हॉकी फाइनल, जोरहाट सेक्टर बना चैंपियन

दयापुर कैंप में रोमांचक इंटर-सेक्टर हॉकी फाइनल, जोरहाट सेक्टर बना चैंपियन
प्रेरणा भारती, उधारबंद | संवाददाता: निहार कांति राय
वर्ष 2025 के अंतिम चरण में दयापुर ग्रुप सेंटर के तत्वावधान में दया पुर कैंप के खेल मैदान पर एक रोमांचक इंटर-सेक्टर हॉकी फाइनल मुकाबला खेला गया। खचाखच भरे मैदान में खेल प्रेमियों ने झारखंड सेक्टर और असम के जोरहाट सेक्टर के बीच जबरदस्त टक्कर देखी।
फाइनल में जोरहाट सेक्टर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड सेक्टर को 3–0 से पराजित कर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। यह इंटर-सेक्टर हॉकी प्रतियोगिता थी, जिसमें कुल 23 सेक्टरों ने भाग लिया।
मैच शुरू होने से पहले ग्रुप सेंटर के डीआईजी उदय प्रताप सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर सीएमओ/एसजी डॉ. संजय कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। मैच के रेफरी जिला क्रीड़ा संघ के हॉकी रेफरी आकाश मिर्धा और सौरभ हाजाम थे।
दोनों टीमों ने आक्रामक और प्रति-आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन किया। झारखंड सेक्टर को कई अच्छे मौके मिले, लेकिन उन्हें भुनाने में असफल रहने के कारण गोल नहीं कर सका। दूसरी ओर, जोरहाट सेक्टर ने शुरुआत से ही जीत की रणनीति के साथ खेलते हुए हर अवसर का पूरा लाभ उठाया और तीन शानदार गोल दागे। गोल करने वाले खिलाड़ी थे नरेंद्र छत्तर, चिंटू साहू और युधिष्ठिर प्रधान।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। 23 टीमों की रंग-बिरंगी जर्सियों से मैदान में मानो इंद्रधनुषी छटा बिखर गई। कार्यक्रम में स्वागत भाषण असिस्टेंट कमांडेंट संजीव कुमार सिंह ने दिया। डॉ. संजय कुमार जैन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक शक्ति बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक आनंद भी प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को और अधिक अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
मैच के कमेंटेटर सुनील ग्वाला थे। चैंपियन टीम जोरहाट सेक्टर को स्वर्ण पदक और ट्रॉफी डीआईजी की धर्मपत्नी एवं सीडब्ल्यूए की अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह ने प्रदान की। उपविजेता झारखंड सेक्टर को रजत पदक और ट्रॉफी डॉ. संजय कुमार जैन ने सौंपी। तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली वेस्ट बंगाल सेक्टर टीम को पदक और ट्रॉफी श्रीमती रितु जैन ने प्रदान की।
इसके अलावा, सर्वश्रेष्ठ गोल दाता का पुरस्कार जोरहाट टीम के सतीश हेम्ब्रम को और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार फणिंद्र दास को उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया।
फोटो कैप्शन: हॉकी में चैंपियन सेक्टर जोरहाट टीम के कप्तान के हाथों ट्रॉफी सौंपते हुए डीआईजी सिंह की सहधर्मिणी एवं सीडब्ल्यू की सभानेत्री श्रीमती सीमा सिंह।
तस्वीर: निहार कांति राय।

Leave a Comment