लखीपुर के लालपानी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति, एमडीएम व निर्माण राशि के गबन का आरोप
चंद्रशेखर ग्वाला, लखीपुर | 31 दिसंबर — जिले के सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों में जहां बुधवार को नियमित पढ़ाई हुई, वहीं कछाड़ जिले के लखीपुर शिक्षा खंड अंतर्गत लालपानी 493 नंबर प्राथमिक विद्यालय बंद रहा। विद्यालय में तीन शिक्षक पदस्थापित होने के बावजूद एक भी शिक्षक उपस्थित नहीं हुआ, जिससे छात्रों की पढ़ाई बाधित हुई और उनके भविष्य को लेकर अभिभावकों में चिंता गहराई है।
ग्रामवासियों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक शालिश चौधुरी पर गंभीर अनियमितताओं और धांधली के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि विद्यालय में वर्तमान में कोई प्रबंधन समिति नहीं होने का लाभ उठाते हुए प्रधानाध्यापक द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो वर्ष पूर्व विद्यालय के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) मद में कुल 2 लाख 74 हजार रुपये उपलब्ध थे, लेकिन बिना किसी कार्य के इस राशि का गबन कर लिया गया। इसके अलावा शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृत 3 लाख रुपये तथा रसोईघर निर्माण हेतु 4 लाख 40 हजार रुपये की राशि भी खर्च किए जाने के बावजूद दोनों कार्य अधूरे पड़े हैं और लंबे समय से रुके हुए हैं।
जब इस संबंध में प्रधानाध्यापक से जवाब मांगा गया तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की बार-बार शिकायत शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा, शिक्षा मंत्री रणोज पेगू तथा मंत्री कौशिक रॉय से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक शालिश चौधुरी को तत्काल बर्खास्त करने की भी मांग उठाई है।