शिलचर के तारापुर चाँदमारी में भीषण आग: दो परिवार पूरी तरह तबाह, तीन आंशिक रूप से प्रभावित

6 जून, शिलचर: बाढ़ के संकट के बीच एक और बड़ी त्रासदी ने लोगों को झकझोर दिया। गुरुवार रात शिलचर के तारापुर चाँदमारी इलाके के विवेकानंद अपार्टमेंट परिसर में लगी आग ने भारी तबाही मचाई। यहां असम टाइप की तीन टिन की छत वाली झोपड़ियों को आग ने पूरी तरह खाक कर दिया, जबकि दो अन्य झोपड़ियाँ आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुईं।

इस हादसे में पत्रकार बाबलू राजभर, रूपायन चक्रवर्ती और संजय थापा समेत दो परिवारों का सबकुछ जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों का हाल जानने पहुंचे स्थानीय विधायक दीपायन चक्रवर्ती और सांसद परिमल शुक्लबैद्य ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।

घटना के समय दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने कड़ी नाराजगी जताई है। हालांकि, संकट की इस घड़ी में ‘कृति विवेक क्लब’ के युवाओं ने मोर्चा संभालते हुए न केवल आग बुझाने में मदद की, बल्कि पीड़ित परिवारों के लिए रात का भोजन भी उपलब्ध कराया।

घटना में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए तीन परिवारों को विधायक दीपायन चक्रवर्ती की ओर से 25,000 रुपये प्रति परिवार और आंशिक रूप से प्रभावित दो परिवारों को 10,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी गई है।

स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इलाके में दमकल व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त किया जाए।

Leave a Comment