गायत्री जयंती व विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘छात्र गरिमा सम्मान समारोह’ सम्पन्न

फैंसी बाजार मंडल द्वारा स्व. सावित्री देवी सरावगी की पुण्य स्मृति में आयोजन

गुवाहाटी, 5 जून – अखिल विश्व गायत्री परिवार, फैंसी बाजार मंडल द्वारा आज साधना मंदिर सभागार में स्वर्गीय सावित्री देवी सरावगी की पुण्य स्मृति में “छात्र गरिमा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री जयंती और विश्व पर्यावरण दिवस जैसे विशेष अवसरों पर किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि ने मां गायत्री की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति कराई।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गुवाहाटी हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आदरणीय श्री एस.पी. राय जी का स्वागत श्री महेन्द्र अग्रवाल द्वारा पारंपरिक फूलम गमोछा व स्मृतिग्रंथ भेंट कर किया गया।

श्री राय द्वारा 10वीं बोर्ड परीक्षा में विशिष्ट अंक प्राप्त करने वाले 26 स्कूलों के कुल 257 मेधावी छात्रों को मेडल, मोमेंटो व प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से साउथ प्वाइंट हाई स्कूल, हैप्पी चाइल्ड हाई स्कूल तथा हिन्दुस्तानी केंद्रीय विद्यालय को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए विशेष सम्मान दिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में श्री एस.पी. राय द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्र व उनके अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।

पुरस्कार वितरण में विशिष्ट अतिथि श्री विद्यानाथ झा एवं श्रीमती रश्मि जैन ने अपना सहयोग प्रदान किया। वहीं हरे कृष्णा मूवमेंट, नार्थ गुवाहाटी की ओर से सुश्री दीपा अग्रवाल एवं उनकी टीम ने सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की।

कार्यक्रम की रूपरेखा श्री निर्मल अग्रवाल द्वारा तैयार की गई, जबकि समन्वय की भूमिका में गायत्री प्रज्ञा मंडल फैंसी बाजार के संयोजक श्री राजेश तायल अग्रणी रहे। मंच संचालन श्री ताराचंद ठोलिया द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।

कार्यक्रम ने न केवल मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणा दी, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों की पुनः स्थापना का संदेश भी दिया।

Leave a Comment