लखीपुर में पंचायत चुनाव 2025 : नामांकन वापसी प्रक्रिया सम्पन्न, 525 उम्मीदवार मैदान में

चंद्रशेखर ग्वाला, लखीपुर , 18 अप्रैल:
प्रदेशभर में पंचायत चुनाव 2025 की प्रक्रिया के तहत लखीपुर सह-जिले में नामांकन पत्र वापसी की अंतिम तिथि 17 अप्रैल को समाप्त हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लखीपुर, बिन्नाकांदी और राजाबाजार विकास खंडों में विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले कई उम्मीदवारों ने स्वेच्छा से अपना नामांकन वापस ले लिया है।

लखीपुर मंडल के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी पंखी हजारिका द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सह-जिले के अंतर्गत चार जिला परिषद सदस्य पदों — बिन्नाकांदी-भुबनहिल, बरथल-हरिनगर, दीवान-पालरबंद, तथा लखीनगर-दिलकुश — के लिए कुल 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बचे हैं।

इसके अतिरिक्त, आंचलिक पंचायत सदस्य पद के लिए लखीपुर में 21, बिन्नाकांदी में 13, और राजाबाजार में 13 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, इन तीनों आंचलिक पंचायतों के तहत ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 525 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

लखीपुर सह-जिला आयुक्त ध्रुवज्योति पाठक ने बताया कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कर्तव्यों का समर्पण भाव से पालन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।

Leave a Comment