छोटा मामदा हिंदी हाई स्कूल में नए भवन का शिलान्यास

प्रे.स. छोटा मामदा, 14 फरवरी: आज छोटा मामदा हिंदी हाई स्कूल, छोटामामदा में असम के प्रभावशाली मंत्री कौशिक राय ने विद्यालय के नए भवन निर्माण का शिलान्यास किया। यह भवन 22 फुट चौड़ा और 108 फुट लंबा होगा, जिसकी निर्माण लागत चालीस लाख रुपये निर्धारित की गई है।
शिलान्यास समारोह में मंत्री कौशिक राय ने विद्यालय के विकास की प्रतिबद्धता दोहराई और ठेकेदार को निर्देश दिया कि भवन निर्माण कार्य 30 जून से पहले पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि भवन के उद्घाटन के साथ ही प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार जी का विदाई समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिससे यह अवसर और भी विशेष बन सके।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बद्री राय, संजय ठाकुर, ग्राम पंचायत के सभापति राजेश राय, विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार, प्रीतम देवराय, शोभा ग्वाला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री कौशिक राय ने विद्यालय की सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और इसे हायर सेकंडरी स्तर तक विकसित करने की बात कही। उन्होंने विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।
सभा का संचालन हिंदी अध्यापक सुनील कुमार सिंह ने किया। विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों ने मंत्री जी का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि नया भवन छात्रों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करेगा।

Leave a Comment