प्रे.स. बिन्नाकांदी, 14 फरवरी: आज 1579 नंबर बिन्नाकांदी प्राथमिक विद्यालय में नव निर्मित भवन का भव्य उद्घाटन असम के ओजस्वी मंत्री कौशिक राय द्वारा किया गया। यह भवन कुल 17 लाख 74 हजार रुपये की लागत से निर्मित हुआ है और 1296 स्क्वायर फीट क्षेत्र में फैला हुआ है। इस भवन में फर्नीचर और विद्युतीकरण की सुविधाएँ भी शामिल हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक माहौल प्राप्त होगा।
इस शुभ अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष थादोई देवी, कान्तो सिंहा, पुंशीबाबू, मणिमोहन सिंहा, विद्यापति सिंहा, लाचित कुर्मी, विद्यालय के प्रधानाचार्य बिमल सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री कौशिक राय ने भवन निर्माण समिति की सराहना करते हुए विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय के चारदीवारी निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की, जिससे विद्यालय परिसर और अधिक सुरक्षित हो सके।
मंत्री जी ने कहा कि शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और भविष्य में विद्यालय की हर आवश्यक जरूरत को पूरा करने में मदद की जाएगी। स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने मंत्री जी का आभार व्यक्त किया और विद्यालय के निरंतर विकास की उम्मीद जताई।