गुवाहाटी, 14 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनकी भुइयां सरमा नेतृत्व वाली एक कंपनी द्वारा जमीन की कथित खरीद और केंद्रीय सहायता के गबन के आरोपों के सिलसिले में मुख्यमंत्री की पत्नी प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड की मालकिन रिनकी भुइयां सरमा ने आज पहली बार अपना मुंह खोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उनकी 17 वर्ष पुरानी कंपनी के विरुद्ध लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। उनकी कंपनी पूरी तरह से सरकार द्वारा निर्धारित मानडंडों के अनुसार कार्य कर रही है। उनकी कंपनी की संपत्ति का हिसाब सरकारी नियमों के अनुसार सार्वजनिक किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री की पत्नी ने अपनी संपत्ति के खाते को लेकर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है।
उल्लेखनीय है कि गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि नगांव जिले के कोलियाबर में बरभगिया मौजा के दारी गजी गांव में प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने बड़ी कृषि भूमि की श्रेणी को परिवर्तित कर दिया है। कंपनी ने ”प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना” के तहत 10 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्राप्त की है।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्राइड ईस्ट 2006 से विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। इस कंपनी के सभी रिकॉर्ड कानून के अनुसार सार्वजनिक डोमेन में हैं। प्राइड ईस्ट किसी भी अन्य योग्य उद्यम की तरह सरकार समर्थित कार्यक्रम, प्रोत्साहन योजना में भाग लेने के लिए पात्र है।
लेकिन, प्राइड ईस्ट ने ”प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना” के तहत एक पैसा भी नहीं लिया है। जो आरोप लगाये गये हैं, वे केवल एक असमिया महिला पर हमला है। जो 17 साल पुरानी कंपनी चला रही है। इस कंपनी के कुछ कर्मचारी हैं, जो इस खबर से मर्माहत हुए हैं। रिनकी भुइयां सरमा ने कहा कि इसलिए सांसद गौरव गोगोई के खिलाफ 10 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा।