धुबड़ी (असम), 22 जुलाई (हि.स.)। असम के धुबड़ी जिला परिषद के सीईओ कार्यालय में मुख्यमंत्री सतर्कता विभाग ने छापेमारी करते हुए सीईओ बिश्वजीत गोस्वामी और सहायक जिला प्रकल्प समन्वयक मृणाल कांति सरकार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। परिषद कार्यालय में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ तलाशी अभियान शनिवार सुबह तक जारी रहा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीएम सतर्कता विभाग ने मृणाल कांति सरकार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों शुक्रवार शाम को कार्यालय में पकड़ा। रिश्वत की रकम विकास कार्यों के लिए पैसे जारी करने के नाम पर ली गयी थी। मृणाल कांति सरकार ने पैसे धुबड़ी जिला परिषद के सीईओ बिश्वजीत गोस्वामी के निर्देश पर लिया था। मृणाल कांति सरकार के खुलासे के बाद सीएम सतर्कता विभाग की टीम ने बिश्वजीत गोस्वामी के सरकारी आवास पर देररात को छापा मारा। सीईओ की कार की भी तलाशी ली गयी। बिश्वजीत गोस्वामी के बंगाईगांव जिला शहर स्थित संग्राम निलय के बी-1 फ्लैट में रह रही पत्नी लिलिदेवी गोस्वामी के यहां पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान गोस्वामी के पास से 2.5 करोड़ रुपये जब्त किए गए।
सूत्रों ने बताया कि गौरीपुर के वार्ड नंबर-9 स्थित सहायक जिला परियोजना समन्वयक मृणाल कांति सरकार के आवास पर आज तलाशी अभियान चल रहा है। सतर्कता विभाग दोनों को अपनी हिरासत में लेकर गुवाहाटी के लिए रवाना हो गई है। बताया गया है कि दोनों की निशानदेही पर गुवाहाटी जाने के दौरान रास्ते में भी कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए जाने की संभावना है।