इस तरह के डेस्टिनेशंस से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा : हिमंत


गुवाहाटी, 17 अप्रैल। मुख्यमंत्री डा. हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को सोनापुर में पूर्वोत्तर के सबसे विशाल तथा भव्य मेफेयर स्प्रिंगवैली होटल-रिर्सोट का शुभारंभ किया। 100 बीघा भूमि से अधिक इलाके मेंं फैला मेफेयर स्प्रिंगवैली होटल-रिर्सोट पूर्वोत्तर में अपनी तरह का पहला टूरिस्ट व वैडिंग डेस्टिनेशंस होगा जहां करीब 250 आलीशान कमरे, चार स्वीमिंग पुल तथा 8 तथा 15 हजार स्कवार फीट के दो विशाल हाल के अलावा सभी सुख-सुविधाएं होंगी।
मुख्यमंत्री डा. शर्मा ने अपने उद्घाटन भाषण में इस भव्य एवं विशाल रिसोर्ट के निर्माण के लिए मेफयर होटल रिसोर्ट समूह के प्रमुख दिलीप रे तथा सत्यम समूह के प्रमुख रतन शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रिर्सोट व होटल के खुलने से असम सहित पूर्वोत्तर में पयर्टन को बढ़ावा मिलेगा । उन्होंने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास भी इस तरह का एक भव्य होटल-रिसोर्ट खालने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार हर तरह की मदद करने को तैयार है तथा सरकार पर्यटन से जुड़ी चीजों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी फेफेयर होटल रिसोर्टों में कई बार ठहर चुके हैं । वहां की सेवाओं और आवभगत को विश्व स्तरीय बताते हुए उन्होंने कहा कि गुवाहाटी का यह रिर्सोट असम के आतिथ्य और आवभगत परपंरा को आगे बढ़ाएगा तथा मुझे पूर्ण भरोसा है कि यह रिसोर्ट मेफेयर समूह का सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाला रिसोर्ट बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री ने उद्योगपति रतन शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे जिस काम को हाथ में लेते हैं उसमे सफलता मिलती है। मेफेयर के साथ उनकी साझेदारी भी वैसी है तथा यह खूब फलेगी ।
इस मौके पर बोलते हुए सत्यम समूह के प्रमुख रतन शर्मा ने कहा कि देश के 10 शीर्ष रिसोर्ट में से एक गुवाहाटी का मेफेयर स्प्रिंगवैली रिसोर्ट होगा। उन्होंने कहा कुल 250 आलीशान कमरे बनने है जिसमे से 130 बनकर तैयार हो चुके है। चार में से दो स्वीमिंग पुल भी बन चुके हैं । उन्होंने कहा कि पहले लोग डेस्टिनेशन वैडिंग के अलावा जयपुर, उदयपुर, जोधपुर तथा विदेशों में जाते थे, लेकिन आने वाले समय में यह रिसोर्ट देश में सबसे बड़ा डेस्टिनेशन वैडिंग केंद्र में से एक होगा। रिसोर्ट के प्राकृतिक सौदर्य को बनाए रखने के लिए लाखों पेड़ व फूल के पौधे लगाए गए हैं । उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री बहुआयामी तथा उच्च सोच वाले है, यही कारण है कि वे राज्य को इतना आगे ले गए हैं। हाल ही में जो बिहू नृत्य का रिकार्ड बना है वह भी मुख्यमंत्री की कर्मठता के कारण ही संभव हो पाया है।
इस मौके पर आवासीय एवं शहरी मामलों के मंत्री अशोक सिंहल, पर्यटन मंत्री जयंतमल्ल बरुवा, मेफेयर समूह के प्रमुख दिलीप रे, सलाहकार प्रशांत पांडा आदि मंचासीन थे। समारोह में पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह, प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट प्रा. लि. की प्रमुख रिनीकी भुयां शर्मा, महाधिवक्ता देवजीत सइकिया, गुजरात से आए सोमभाई मोदी, हास्य कलाकार सुरेंद्र शर्मा, नेडफी के प्रमुख सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट नागरिक मौजूद थे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना की एवं पूरे रिसोर्ट का परिभ्रमण भी किया।