दुमदुमा , 8 अप्रैल:- दुमदुमा के वीर राघव मोरान सरकारी आदर्श महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग ने कॉलेज के सिनेमैटिक क्लब ‘चित्रवन’ के सहयोग से छात्रों के लिए फिल्मों के माध्यम से सीखने का कार्यक्रम शुरू किया है। स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम पर आधारित फिल्मों के माध्यम से छात्रों को शिक्षा प्रदान करने की दिशा में पहले कदम के रूप में कॉलेज ने आज मैरी शेली के लोकप्रिय उपन्यास ‘फ्रेंकेनस्टाइन’ पर आधारित इसी नाम की फिल्म का प्रदर्शन किया गया । मालूम हो कि उक्त उपन्यास अंग्रेजी के उन्नत विषय के छात्र- छात्राओं के चौथे सेमेस्टर पाठ्यक्रम का हिस्सा है।
फिल्म की प्रदर्शन का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार अभिजीत खाटनियार ने किया। अपने उद्घाटन भाषण में अभिजीत खाटनियार ने कॉलेज की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इसका लाभ छात्रों को मिलेगा। उद्घाटन समारोह में कॉलेज की उप-प्राचार्या डॉ. प्रणीता नेउग, कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. प्रांजल तालुकदार और चित्रवन के अध्यक्ष निपम कलिता ने वक्तव्य दिया । इससे पहले, अंग्रेजी विभाग की प्रमुख अन्वेषा गोगोई ने कार्यक्रम के लक्ष्यों और उद्देश्यों के बारे में बताया। उद्घाटन समारोह का संचालन अंग्रेजी के सहायक प्रोफेसर अभिलाषा फुकन ने किया। अंग्रेजी विभाग के अध्यापिका श्रेष्ठा भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापन दिया ।