2012 से सेवा देने के बावजूद नहीं हटा संविदाकर्मी का तमगा, वेतन-भत्तों में असमानता के खिलाफ शिलचर में टीईटी शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन

शिलचर, 5 नवंबर। राज्य के अन्य जिलों के साथ ही गुरुवार को कछार जिले में भी सर्व असम प्राथमिक टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक समाज की कछार जिला समिति की ओर से शिक्षा मंत्री रानोज पेगू के नाम जिला आयुक्त के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया।

संगठन के महासचिव इकबाल अहमद लस्कर ने बताया कि वर्ष 2012 से टीईटी शिक्षक असम के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में पूरी निष्ठा के साथ शिक्षण कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक उनके सिर से संविदाकर्मी का तमगा नहीं हटा है।

शिक्षकों ने रखीं दो प्रमुख मांगें :

  1. वेतन संरचना में सुधार : वेतन संरचना में विसंगतियां होने की बात विभाग स्वयं स्वीकार कर चुका है। इसलिए इसे जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।
  2. 10 वर्ष की सेवा पर मिलने वाला भत्ता : नियमित शिक्षकों को प्रत्येक 10 वर्ष की सेवा पूरी होने पर जो बढ़ा हुआ भत्ता मिलता है, उसी कार्य को करने के बावजूद टीईटी शिक्षकों को इस सुविधा से वंचित रखा गया है।

इकबाल अहमद लस्कर ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री के साथ कई बार बैठकें होने और आश्वासन मिलने के बावजूद वर्ष 2026 में भी शिक्षकों को अपनी मांगों के समर्थन में सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

आंदोलन की चेतावनी : संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आगामी 16 नवंबर को गुवाहाटी स्थित समग्र शिक्षा मिशन के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कछार जिले में 150 से अधिक तथा पूरे असम में साढ़े 10 हजार से अधिक टीईटी शिक्षक कार्यरत हैं।

जिला आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के महासचिव इकबाल अहमद लस्कर सहित शिक्षक समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Comment