असम सरकार ने लघु चाय उत्पादकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संशोधित चाय उपकरण योजना-2017 के तहत स्वयं सहायता समूहों को हरी चाय पत्तियों के परिवहन के लिए विशेष वाहन उपलब्ध कराए हैं। इस पहल का उद्देश्य किसानों को समय पर चाय फैक्ट्रियों तक पत्तियां पहुंचाने की सुविधा देना, परिवहन लागत कम करना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
योजना के तहत वाहन खरीद पर सरकार 75 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान कर रही है, जिसकी अधिकतम सीमा 7.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस योजना का लाभ बिहपुरिया के मतिकांचन लघु चाय उत्पादक समूह तथा ढकुवाखाना के हाहिब लघु चाय उत्पादक समूह को मिला है।
बिहपुरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूपेन कुमार बोरा ने मतिकांचन समूह को वाहन की चाबी सौंपकर योजना का शुभारंभ किया। वहीं दूसरी तरफ ढकुवाखाना (जनजाति) विधानसभा क्षेत्र के विधायक नव कुमार डोले ने हाहिब समूह को वाहन सौंपा। इस दौरान दोनों विधायकों ने लाभार्थियों से वार्तालाप कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया तथा लघु चाय उत्पादकों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
यह पहल लखीमपुर के लघु चाय उत्पादकों के लिए आर्थिक मजबूती, बेहतर परिवहन व्यवस्था और चाय उद्योग को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।