शिलचर, 29 अगस्त: हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर बराक घाटी में एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिंदी एवं बंगला समाचार माध्यम बराक वार्ता की पहल पर शिलचर के इलोरा हेरिटेज हॉल में आयोजित समारोह में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित अतिथियों का उत्तरीय पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद कछार, करीमगंज एवं श्रीभूमि जिलों से विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 22 विशिष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उदय शंकर गोस्वामी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बराक घाटी खेल पत्रकार संघ की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष रतन देव, पूर्व अध्यक्ष रितेन भट्टाचार्य, समाजसेवी एवं भाजपा की महिला नेत्री अपर्णा तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार रेदवान उद्दीन मजूमदार, असम विश्वविद्यालय के चारुकला विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अमल नंदी, समाजसेवी लालन प्रसाद ग्वाला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
वक्ताओं ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल उपलब्धियों और भारतीय हॉकी में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए युवा खिलाड़ियों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।