हिंदीभाषी महिला मंच शिलचर ने किया भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन, गीत-संगीत और नृत्य से सराबोर रहा माहौल

विशेष प्रतिनिधि, शिलचर, 15 मार्च:
हिंदीभाषी महिला मंच, शिलचर द्वारा रविवार को विमेंस कॉलेज के सभागार में भव्य और उत्साहपूर्ण होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंगों के इस उल्लासमय पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की सहभागिता देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत, नृत्य और पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों तथा चंग टोली का उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। मंच की महामंत्री श्रीमती सीमा कुमार ने अपने प्रास्ताविक वक्तव्य में मंच की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिंदीभाषी महिला मंच पिछले कई वर्षों से शिलचर में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि होली मिलन समारोह, कवि गोष्ठी, हिंदी दिवस, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम मंच के प्रमुख कार्यों में शामिल हैं, जिन्हें समाज के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया जाता है।
समारोह में मुख्य रूप से हिंदीभाषी समन्वय मंच की सभानेत्री श्रीमती फूलमती कलवार, ज्योतिषाचार्य पंडित आनंद शास्त्री, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक सागर शर्मा, साहित्यकार श्रीमती सीमा सिंह राय तथा सुप्रसिद्ध लोक कलाकार मानिक पटवा मंचासीन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत साहित्यकार श्रीमती सीमा सिंह राय की मधुर ग़ज़ल से हुई, जिसने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा मानिक पटवा और उनकी चंग टोली का लोकगीत और नृत्य। उनके साथियों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे सभागार को होली के रंग में रंग दिया और दर्शक भी तालियों तथा नृत्य के साथ उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लेते दिखाई दिए।
मानिक पटवा की टीम में विनोद कुमार बोथरा, महावीर जी कोठारी, सुरेंद्र कोठारी, प्रवेश बोथरा, संदीप शाम सुखा और शिवा ग्वाला शामिल थे। उनकी प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया और कई श्रोता तथा कार्यकर्ता मंच पर पहुंचकर गीतों की धुन पर थिरकने लगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायत्री कोइरी, परिणिता शर्मा तथा नन्ही बालिका श्रुति कानू ने अपने मनमोहक नृत्य से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। वहीं दो छोटे बच्चों संकेत कानू और सचेत कानू ने सुप्रसिद्ध कलाकार स्वर्गीय जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि स्वरूप उनका लोकप्रिय गीत “मायाविनी” प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया।
इसके अलावा द्वारिका गुप्ता दंपति भी गीत-नृत्य के साथ मंच पर अपनी प्रस्तुति देते हुए नजर आए। श्रीमती उर्मिला कानू ने होली पर आधारित मधुर गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के समापन चरण में श्रीमती नीलम गोस्वामी और मीरा यादव ने पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को रंगों और उमंग से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की सफलता में डॉ. रीता सिंह और प्रमोद शाह ने विशेष सहयोग प्रदान किया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार ने मंच संचालन में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर श्रीमती सुतपा देवी, श्रीमती रुपाली कोइरी, श्रीमती गंगा ग्वाला, श्रीमती रीना कानू, प्रदीप गोस्वामी, श्रीमती शिखा गुप्ता, श्रीमती नंदा यादव, कुमारी सुमन बर्मन सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और महिला मंच की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।
होली के रंगों, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम ने शिलचर की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया तथा उपस्थित सभी लोगों को आनंद और उत्साह से भर दिया।