हाथीछोड़ा व शुबंग चाय बागान की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 31 हजार रुपये का सहयोग

शिलचर, 2 सितंबर: असम में आई भीषण आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हाथीछोड़ा और शुबंग चाय बागान की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 31 हजार रुपये का सहयोग दिया गया।

बुधवार को शिलचर सर्किट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों चाय बागानों के महाप्रबंधक और आइटीए के चेयरमैन महेश सिंह ने असम सरकार के कैबिनेट मंत्री कौशिक राय के हाथों मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 31 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

यह सहयोग राशि दोनों चाय बागानों के श्रमिकों, कार्यालय कर्मचारियों, एग्जीक्यूटिव स्टाफ तथा महाप्रबंधक के संयुक्त प्रयास से एकत्रित की गई। आपदा से प्रभावित असमवासियों की मदद के उद्देश्य से सभी ने मिलकर इस सामाजिक पहल में योगदान दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक और आइटीए के चेयरमैन  महेश सिंह ने कहा कि असम में आई इस बड़ी आपदा से प्रभावित अपने भाई-बहनों की सहायता करना हम सभी का दायित्व है। इसी भावना से हाथीछोड़ा और शुबंग चाय बागान के श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने मिलकर 31 हजार रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की और माननीय मंत्री कौशिक राय के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के सभी वर्गों को अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

Leave a Comment