नौ माह के बच्चे को गोद में लेकर घर लौट रही थी महिला, रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार करने का आरोप
शिलचर, 6 अक्टूबर: उधारबंद थाना क्षेत्र के हाथीछोड़ा चाय बागान के समीप एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ और यौन दुर्व्यवहार के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हासिम उद्दीन खान (27), मन्नान लस्कर (35) और रेजाउल हुसैन लस्कर (25) के रूप में हुई है। वहीं, मामले में मंजूर हुसैन लस्कर नामक एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात महिला अपने नौ माह के बच्चे को गोद में लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि हाथीछोड़ा चाय बागान के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ कथित तौर पर अश्लील व्यवहार तथा छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि लोगों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने हासिम उद्दीन खान को पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला की शिकायत के आधार पर उधारबंद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो अन्य आरोपियों मन्नान लस्कर और रेजाउल हुसैन लस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को तीनों आरोपियों को शिलचर अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच करने के साथ फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।