हाइलाकांदी में मतगणना की तैयारी पूरी, 4 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती

हाइलाकांदी में मतगणना की तैयारी पूरी, 4 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, ऑब्जर्वरों की निगरानी में पारदर्शी प्रक्रिया का भरोसा

शंकरी चौधुरी, हाइलाकांदी, 2 मई:
आसाम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना को लेकर हाइलाकांदी जिला प्रशासन ने व्यापक और कड़ी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं।

जिले की दो विधानसभा सीटों — 121 नं हाइलाकांदी और 122 नं आलगापुर-काटलीछड़ा — के लिए मतों की गिनती 4 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला प्रशासन के अनुसार, हाइलाकांदी स्थित गवर्नमेंट विक्टोरिया मेमोरियल एचएस स्कूल में बनाए गए काउंटिंग सेंटर पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

काउंटिंग सेंटर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं, जहां पुलिस और पैरामिलिट्री बलों की तैनाती की गई है। शनिवार को जिला आयुक्त के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 121 नं हाइलाकांदी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर मंसूर अहमद मजूमदार ने बताया कि पोस्टल बैलेट की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जबकि ईवीएम की गिनती सुबह 8:30 बजे से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस केंद्र पर 12 ईवीएम टेबल, 4 पोस्टल बैलेट टेबल और इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट स्कैनिंग के लिए 2 टेबल निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यदि प्रक्रिया सुचारू रही तो ईवीएम की गिनती 24 राउंड में पूरी हो जाएगी।

वहीं, 122 नं आलगापुर-काटलीछड़ा विधानसभा क्षेत्र की रिटर्निंग ऑफिसर अंतरा सेन ने जानकारी दी कि 4 मई को सुबह 7 बजे उम्मीदवारों और ऑब्जर्वरों की मौजूदगी में ईवीएम स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। इस क्षेत्र के 339 बूथों के वोटों की गिनती 25 राउंड में पूरी की जाएगी। इसके लिए 14 ईवीएम टेबल और पोस्टल बैलेट के लिए 5 टेबल की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारियों और ऑब्जर्वरों की निगरानी में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने विश्वास जताया है कि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।

Leave a Comment