हाइलाकांडी के दुर्गीमारा में महाराजा सुहेल देव राजभर की जन्म जयंती मनाई गई
प्रे.प्र. हाइलाकांडी, 24 जनवरी :
हाइलाकांडी जिले के दुर्गीमारा में गंभीर एवं गरिमामय वातावरण में विधिवत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से चक्रवर्ती सम्राट महाराजा सुहेल देव राजभर की जन्म जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पश्चिम हाइलाकांडी के दुर्गीमारा क्षेत्र स्थित नाचघर में अखिल भारतीय भर-राजभर संगठन के तत्वावधान में नारे लगाते हुए एक विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसके बाद एक जनसभा आयोजन किया गया। अखिल भारतीय भर एवं राजभर समाज के असम प्रदेश समिति के उपाध्यक्ष हरिमोहन राजभर के नेतृत्व में भर एवं राजभर समाज की शिक्षा, संस्कृति एवं एकजुट समाज निर्माण के उद्देश्य से आयोजित इस विशाल रैली में संगठन के नेता-कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पदयात्रा के समापन के बाद शुक्रवार को दुर्गीमारा नाचघर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय भर एवं राजभर संगठन के असम राज्य सह-अध्यक्ष हरिमोहन राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेल देव राजभर के जीवन आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने महाराजा सुहेल देव राजभर को भर एवं राजभर समाज का आदर्श और महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि समग्र विकास के लिए शिक्षा के माध्यम से पूरे समाज को आलोकित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अधिक जागरूक होने का आह्वान किया तथा भर एवं राजभर समाज के विकास हेतु सभी के सहयोग की कामना की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय भर एवं राजभर समाज की हाइलाकांडी जिला समिति के अध्यक्ष हरिदयाल राजभर ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में एक सुसंगठित एवं विकसित समाज निर्माण पर जोर देते हुए सभी से इस दिशा में सजग एवं सक्रिय होने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारी उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय भर एवं राजभर समाज के छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष दीपक राजभर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा के सिरिशपुर-रामचंडी मंडल के सह-अध्यक्ष अनुरंजन राजभर, विशिष्ट समाजसेवी राजकुमार भर, राजन राजभर, महिंदर भर, महाभारत राजभर, राम गोविंद राजभर, लक्ष्मण राजभर, संतोष राजभर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इसके अलावा संगठन की हाइलाकांडी जिला महिला समिति की जिला अध्यक्ष सुनीता राजभर, सह–अध्यक्ष तुलसी देवी राजभर, रूपा राजभर, पार्वती राजभर, नमिता राजभर सहित अन्य महिला सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सम्राट महाराजा सुहेल देव राजभर की प्रतिमा पर पुष्पार्घ्य अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही संगठनात्मक नेतृत्व में संगठन का ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया तथा विशिष्ट अतिथियों को उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय भर एवं राजभर संगठन के उप–राज्य अध्यक्ष हरिमोहन राजभर ने आयोजकों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।