सेवा संकल्प अभियान के तहत खानिकर मैदान में स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर आयोजित

डिब्रूगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में २५ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम के साथ-साथ चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत डिब्रूगढ़ के खानिकर मैदान में स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएमसीएच), डिब्रूगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, त्वचा रोग, अस्थि रोग सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी परामर्श, गैर-संचारी रोगों एवं कैंसर की जांच तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र से संबंधित सहायता सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस दौरान लोगों को जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, वेतन क्षतिपूर्ति योजना और स्नेह स्पर्श सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। लोगों ने उनके नजदीक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की इस पहल की सराहना की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आने वाले दिनों में डिब्रूगढ़ जिले के विभिन्न स्थानों पर इसी तरह के स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। ८ अक्टूबर को राजगढ़ सार्वजनिक सभागार, ख्वांग के तिलाई ग्रामीण बाजार सामुदायिक भवन तथा लाहोवाल गांव पंचायत कार्यालय के समीप स्थित सभागार में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा ९ अक्टूबर को चाबुआ के बेतमाला सामुदायिक भवन, १० अक्टूबर को डुलियाजान बिहुतोली तथा १२ अक्टूबर को डिब्रूगढ़ नगर निगम के बहुउद्देशीय भवन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।

डिब्रूगढ़ जिला स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से इन शिविरों में भाग लेने तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य एवं ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Comment