छात्राओं को ‘निजुत मोइना’ योजना के चेक वितरित, विधायक राजदीप गोवाला ने शिक्षा को बताया सामाजिक असमानता दूर करने का माध्यम
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद, 16 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को उधारबंद के डी.एन.एच.एस. स्कूल में रसोइयों एवं सहायिकाओं को सम्मानित करने के साथ छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु ‘निजुत मोइना’ योजना के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उधारबंद के विधायक राजदीप गोवाला ने शिक्षा खंड के अंतर्गत कार्यरत 464 रसोइयों एवं सहायिकाओं को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार करने वाले इन कर्मियों का योगदान महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
इस अवसर पर कला एवं विज्ञान संकाय की छात्राओं को ‘निजुत मोइना’ योजना के तहत चेक प्रदान किए गए। विधायक ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी छात्रा की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। लड़कियों की शिक्षा से परिवार और समाज दोनों का विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय एवं महाविद्यालय जाने, पढ़ाई पर ध्यान देने तथा राज्य स्तरीय परीक्षाओं के साथ केंद्र सरकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बराक घाटी के विद्यार्थी भी मेहनत, लगन और उचित मार्गदर्शन के बल पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा सामाजिक असमानता दूर करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में डी.एन.एच.एस. स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. कात्यायनी दत्त चौधरी ने स्वागत भाषण दिया। एक अन्य कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार कैरी ने रसोइयों एवं सहायिकाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य सूर्य कुमार शर्मा, शिक्षाविद् क्षौनिश चक्रवर्ती, सोमनाथ देव, भाजपा के उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रणबेश चक्रवर्ती तथा बी.आर.टी. सत्यजीत दास सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन वाचिक कलाकार बी.आर.पी. बिप्लब विश्वास ने किया।
कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर शिक्षा जारी रखने तथा विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।