सुनहरी तस्करी की कोशिश नाकाम: शिलचर में 439 ग्राम संदिग्ध सोने के बिस्किट बरामद

शिलचर | 21 जुलाई 2025-शिलचर पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रामनगर बाइपास क्षेत्र में शनिवार को एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 439 ग्राम वजनी तीन संदिग्ध सोने के बिस्किट बरामद किए गए।

यह कार्रवाई शिलचर थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई, जहाँ 32 वर्षीय खामन्यू मुनलुआ (पुत्र – तुन्जाननांग मुनलुआ, निवासी लामका, जिला चुराचांदपुर, मणिपुर) को संदेहास्पद परिस्थितियों में पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से उक्त सोने के बिस्किट बरामद हुए।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह सोना मणिपुर से तस्करी के माध्यम से लाया गया था और इसे सिलचर के आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस टर्मिनल) क्षेत्र में किसी को सौंपा जाना था।

बरामदगी की प्रक्रिया स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही पूरी की गई, और नियमानुसार सोने के बिस्किट को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Leave a Comment