सीआरपीएफ मोंटेसरी स्कूल के नवीनीकृत भवन में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ
शिलचर, 04 मई 2026:
ग्रुप केन्द्र, सीआरपीएफ, शिलचर (असम) स्थित मोंटेसरी स्कूल भवन के नवीनीकरण के उपरांत सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर ग्रुप केन्द्र के अधिकारी, जवान, उनके परिजन तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा (मॉर्निंग असेंबली) और प्रार्थना से हुई, जिसने पूरे परिसर में सकारात्मक एवं अनुशासित वातावरण का संचार किया। इसके बाद RCWA शिलचर की अध्यक्षा श्रीमती सीमा सिंह ने विद्यालय की शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए उन्हें नए सत्र की शुभकामनाएं दीं तथा उनके दायित्वों के प्रति उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती सिंह ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें चॉकलेट भी वितरित कीं, जिससे विद्यार्थियों के बीच विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
नवीनीकरण के बाद विद्यालय परिसर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। यह पहल RCWA शिलचर की उस सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत सीआरपीएफ जवानों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ। उपस्थित लोगों ने विद्यालय को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।