क्षेत्रीय कावा अध्यक्षा सीमा सिंह ने अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को दीं नवरात्रि की शुभकामनाएं
शिलचर, 13 अक्टूबर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप केंद्र, शिलचर में नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य डांडिया एवं गरबा नाइट सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्सव में क्षेत्रीय कावा (आरसीडब्ल्यूए) की अध्यक्षा श्रीमती सीमा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और उत्साह में विशेष वृद्धि हुई।
कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र शिलचर के राजपत्रित एवं अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जवानों के परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा की मनमोहक धुनों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उल्लास और उमंग का माहौल बना रहा।
यह सांस्कृतिक आयोजन सीआरपीएफ परिवार के सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का अवसर बना। कार्यक्रम में जवानों एवं उनके परिजनों की सक्रिय भागीदारी ने उत्सव को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कावा अध्यक्षा श्रीमती सीमा सिंह ने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, उल्लास और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में हुआ।