बेटे ने मां को घर में मृत अवस्था में पाया, परिजनों ने निष्पक्ष जांच व त्वरित गिरफ्तारी की मांग; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

राजू दे, शिलचर, 12 जुलाई। शिलचर के दास कॉलोनी क्षेत्र में एक गृहिणी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान चंपा दास (35) के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके पति मृत्युंजय दास (40) ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे काफी देर तक चंपा दास से फोन पर संपर्क नहीं हो पाने पर संदेह हुआ। इसके बाद उनका बड़ा पुत्र भुवन दास (18) घर पहुंचा। वहां उसने अपनी मां को बिस्तर पर निश्चल अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना तुरंत अन्य परिजनों और स्थानीय लोगों को दी गई, जिसके बाद रांगीरखाड़ी पुलिस चौकी को अवगत कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
रविवार को शिलकुड़ी दुर्गाकुना स्थित शांति कॉलोनी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मृतका की मां, पुत्र तथा स्थानीय निवासी शनि मोहन दास, रवींद्र दास, धरणी दास, वीरचरण दास और लबू दास ने आरोप लगाया कि चंपा दास की गला दबाकर हत्या की गई है। भुवन दास ने दावा किया कि उनकी मां के शरीर की स्थिति देखकर उन्हें हत्या का संदेह हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम की प्रारंभिक जानकारी में भी दम घुटने से मौत के संकेत मिले हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस या अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भुवन दास ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता मृत्युंजय दास लंबे समय से परिवार को धमकाते रहे थे। उनके अनुसार, उन्हें तथा उनके छोटे भाई सायन दास (15) को भी कई बार जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद से मृत्युंजय दास फरार हैं और परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद वही मौके से भाग निकले।
घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
रांगीरखाड़ी पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या का। इस रहस्य से पर्दा पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही उठ सकेगा।