शिलचर, 5 जून : वन बंधु परिषद महिला समिति द्वारा 5 जून को गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज परिसर में बाढ़ पीड़ितों के लिए खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज सेवा की भावना से प्रेरित इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद लोगों को गर्म भोजन उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे हुई और बड़ी संख्या में पीड़ित नागरिकों ने इसमें भाग लिया। समिति की सक्रिय सदस्यों—नीरू शर्मा, विनीता खंडेलवाल, नीलम बाकलीवाल और अनिता गोलछा—ने सेवा भाव के साथ स्वयं खिचड़ी तैयार कर लोगों को वितरित किया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, शालीनता और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
स्थानीय लोगों ने इस मानवीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और भविष्य में भी इस प्रकार की पहल जारी रखने की अपील की।
कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
वन बंधु परिषद महिला समिति ने एक बार फिर समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दोहराया।