सरस्वती विद्या निकेतन, मालूग्राम में श्री श्री शंकरभारती महास्वामी का शुभ आगमन

शिलचर, 25 जून। सरस्वती विद्या निकेतन, मालूग्राम परिवार के लिए गुरुवार का दिन अत्यंत गौरव और आध्यात्मिक उल्लास का अवसर बन गया, जब वेदांत भारती परंपरा के पूज्य आध्यात्मिक गुरु एवं सनातन धर्म के प्रखर प्रचारक श्री श्री शंकरभारती महास्वामी का विद्यालय परिसर में शुभ आगमन हुआ।

महास्वामी के आगमन पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों ने उनका श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। उनके पावन सानिध्य से विद्यालय का वातावरण भक्ति, आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री श्री शंकरभारती महास्वामी आगामी तीन दिनों तक सरस्वती विद्या निकेतन, मालूग्राम में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उनका प्रवास 27 जून 2026 (शनिवार) तक रहेगा।

विद्यालय परिवार ने महास्वामी के आगमन को अपने लिए सौभाग्य और प्रेरणा का विषय बताते हुए कहा कि उनके सानिध्य से विद्यार्थियों में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।

महास्वामी के आगमन से संपूर्ण विद्यालय परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का विशेष वातावरण बना हुआ है।

Leave a Comment