प्रतिनिधि हाइलाकांदी, १६ जुलाई: हिंदू रक्षी दल श्रीभूमि जिला ने श्रीभूमि जिला भाजपा अध्यक्ष पर शिकायत के निस्तारण में देरी और निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए हाइलाकांदी जिला भाजपा अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में संगठन ने बताया कि १२ जुलाई को हिंदू रक्षी दल श्रीभूमि जिला की ओर से भारतीय जनता पार्टी के श्रीभूमि जिला अध्यक्ष को एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लोंगाई घाट ग्राम पंचायत की सभानेत्री श्रीमती शांता चौधरी ने सार्वजनिक रूप से हिंदू रक्षी दल के कार्यकर्ताओं के विरुद्ध अपमानजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियाँ कीं, जिससे संगठन की गरिमा तथा कार्यकर्ताओं की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएँ आहत हुईं। शिकायत पत्र की प्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।संगठन का आरोप है कि शिकायत दर्ज किए जाने के चार दिन बीत जाने के बावजूद श्रीभूमि जिला भाजपा की ओर से न तो कोई स्पष्ट जाँच प्रारंभ की गई न ही संबंधित पक्ष से स्पष्टीकरण माँगा गया और न ही शिकायत के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया। संगठन का कहना है कि यह चुप्पी और निष्क्रियता न केवल शिकायतकर्ता पक्ष को निराश कर रही है बल्कि आम जनता के बीच पार्टी की अनुशासन व्यवस्था जवाबदेही और जिम्मेदारी को लेकर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है।ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को केवल उसके राजनीतिक पद या पहचान के कारण शिकायतों से ऊपर माना जाए तो इससे एक लोकतांत्रिक राजनीतिक दल की छवि को गंभीर क्षति पहुँच सकती है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जाँच कर उचित संगठनात्मक कार्रवाई किए जाने की माँग की गई है।हिंदू रक्षी दल ने हाइलाकांदी जिला भाजपा अध्यक्ष से आग्रह किया है कि वह इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए श्रीभूमि जिला अध्यक्ष के माध्यम से शिकायत का शीघ्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय समाधान सुनिश्चित करें।साथ ही संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन प्राप्त होने के २४ घंटे के भीतर कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती है तो हिंदू रक्षी दल लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू करेगा तथा इस पूरे मामले को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाएगा। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।