शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के लिए शिक्षकों की अनुपस्थिति के आरोप में हिंदू रक्षी दल ने विद्यालय निरीक्षक को सौंपा ज्ञापन

शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के लिए शिक्षकों की अनुपस्थिति के आरोप में हिंदू रक्षी दल ने विद्यालय निरीक्षक को सौंपा ज्ञापन
प्रीतम दास हाइलाकांदी, ८ जून : जिले के विभिन्न सरकारी एवं प्रांतीयकृत विद्यालयों में शुक्रवार को निर्धारित विद्यालय समय के दौरान कुछ शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए हिंदू रक्षी दल हाइलाकांदी जिला इकाई ने विद्यालय निरीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा।संगठन की ओर से बताया गया कि लंबे समय से विभिन्न अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि जिले के अनेक विद्यालयों में कुछ शिक्षक जुमे की नमाज़ अदा करने के लिए कार्यालयीन कार्यकाल के दौरान ही विद्यालय छोड़कर चले जाते हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि इसके कारण कक्षाओं में शिक्षण कार्य बाधित होता है विद्यार्थी नियमित अध्ययन से वंचित हो जाते हैं तथा विद्यालयों का सामान्य शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है।ज्ञापन में आगे कहा गया है कि बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम २००९ के अनुसार शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं समयपालन अनिवार्य है। साथ ही सरकारी कर्मचारियों के आचरण नियमों के अनुसार बिना उचित अनुमति के कार्यस्थल छोड़ना कर्तव्य की उपेक्षा की श्रेणी में आ सकता है।हिंदू रक्षी दल का कहना है कि विद्यालयों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। निर्धारित शिक्षण समय में शिक्षकों की अनुपस्थिति से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने में भी कठिनाइयाँ उत्पन्न होती हैं। संगठन के जिला अध्यक्ष मोंटू दुसाद द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही विद्यार्थियों के हित में जिले के विद्यालयों में शैक्षणिक अनुशासन एवं नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने हेतु विद्यालय निरीक्षक से शीघ्र हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है।ज्ञापन सौंपने के समय संगठन के प्रांत संपादक मनोज कुमार नाथ, प्रांत प्रशासन प्रमुख मनोज विश्वास सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment