शिलचर सेंट्रल रोड पर धूल से परेशान व्यापारी, PWD को 3 दिन का अल्टीमेटम

शिलचर: दुर्गापूजा से पहले शिलचर के सेंट्रल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। सड़क के पेवर ब्लॉक हटाकर लंबे समय से काम अधूरा छोड़ दिए जाने और धूल से कारोबार प्रभावित होने के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय व्यापारी नेता मिठुन नाथ ने किया।

मिठुन नाथ ने कहा कि करीब 20-25 दिन पहले बिना किसी पूर्व योजना के सेंट्रल रोड के पेवर ब्लॉक हटा दिए गए थे। बताया गया था कि सड़क पर बिटुमिन का काम किया जाएगा, लेकिन ब्लॉक हटाने के बाद से अब तक कोई काम नहीं हुआ है। पूरी सड़क धूल से भर गई है और कुछ मिनट खड़े रहने पर कपड़े तक धूल से सफेद हो जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय है। कपड़े और जूते की दुकानों का सामान धूल से खराब हो रहा है तथा ग्राहक दुकानों में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सार्वजनिक धन से लगाए गए ब्लॉक को एक महीने के भीतर फिर क्यों हटाया गया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

PWD अधिकारियों से तीखी बहस

व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर PWD विभाग के अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।

व्यापारियों ने सवाल किया कि यदि सड़क निर्माण में समय लगना था तो दुर्गापूजा के बाद काम शुरू किया जा सकता था। पूजा से ठीक पहले सड़क को 20-25 दिनों तक खोदकर छोड़ देने का क्या औचित्य है?

PWD अधिकारी ने बताया कि यह 2.3 किलोमीटर लंबी सड़क की परियोजना है। पहले सड़क पर WMM की परत तैयार की जाएगी और उसके बाद बिटुमिन का काम होगा। उन्होंने इसे तकनीकी प्रक्रिया बताया।

तीन दिन का अल्टीमेटम

अधिकारी के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए व्यापारियों ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। मिठुन नाथ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर सड़क को यातायात योग्य नहीं बनाया गया, तो चौथे दिन से इस स्थान पर अनिश्चितकालीन सड़क अवरोध शुरू किया जाएगा।

अंततः प्रशासन की ओर से जल्द से जल्द सड़क का काम पूरा करने का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई।

Leave a Comment