शिलचर, 26 अगस्त: असम सरकार ने शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य-सह-मुख्य अधीक्षक (प्रभारी) पद पर बदलाव किया है। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर डॉ. अभिजीत स्वामी को शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का नया प्राचार्य-सह-मुख्य अधीक्षक (प्रभारी) नियुक्त किया गया है।
असम सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. सिद्धार्थ सिंह के हस्ताक्षर से जारी सरकारी अधिसूचना में यह नियुक्ति की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, अब तक प्राचार्य-सह-मुख्य अधीक्षक (प्रभारी) का दायित्व संभाल रहे डॉ. भास्कर गुप्ता को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर डॉ. अभिजीत स्वामी को नया प्रभारी प्राचार्य-सह-मुख्य अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
डॉ. स्वामी के नेतृत्व में शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।