शिलचर में ‘साउथ असम महिला उद्यमी’ संगठन का शुभारंभ, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

शिलचर, 2 अगस्त (रानू दत्ता): शिलचर के रंगीरखाड़ी स्थित होटल विभा में रविवार सुबह 11 बजे “एक साथ आगे बढ़ें, नेतृत्व करें” के उद्घोष के साथ नवगठित ‘साउथ असम महिला उद्यमी’ संगठन का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में संगठन के उद्देश्य, भावी कार्ययोजना तथा महिला उद्यमियों के बीच सहयोग और नेटवर्किंग को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय नृत्यांगनाओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद डॉ. मोनिका देव एवं देवाशीष दास ने मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर तथा संगठन के बैनर का अनावरण कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।

अपने उद्घाटन संबोधन में डॉ. मोनिका देव ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता केवल उनके व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला भी है। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।

प्रख्यात व्यवसायी दीपंकर दास ने महिला उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं व्यापार सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रही हैं और नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान गत 8 से 10 जुलाई को आयोजित फैशन मेले के खरीदारों के लिए घोषित लकी ड्रॉ के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर आयोजक अनामिका पुरकायस्थ, ऋद्धि देव, मीनाक्षी दास और अर्पिता देवाशीष ने संगठन की स्थापना के उद्देश्य, भावी योजनाओं तथा महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

Leave a Comment