प्रेरणा ब्यूरो शिलचर, 22 जून। शिलचर के सेकेंड लिंक रोड क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय लोगों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कथित देह व्यापार के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ। अभियान के दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस और स्थानीय लोगों पर धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास भी किया गया, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेकेंड लिंक रोड के 14 नंबर लेन स्थित एक आवासीय भवन में लंबे समय से कथित रूप से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि घर में संदिग्ध युवक-युवतियों का लगातार आना-जाना लगा रहता था, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे। बताया जाता है कि इस संबंध में पहले भी कई बार विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
रविवार रात स्थानीय पुरुषों और महिलाओं ने एकजुट होकर उक्त मकान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों के घर में प्रवेश करने का प्रयास करते ही भीतर मौजूद कुछ महिलाओं ने कथित रूप से दा और अन्य धारदार हथियार लेकर विरोध किया तथा हमला करने की कोशिश की।
इसके बावजूद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण स्थापित करते हुए मकान की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों और तीन युवकों को कथित रूप से आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर हिरासत में लिया गया। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की कथित मुख्य संचालिका एवं मकान मालकिन नियति दास को भी गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रांगिरखाड़ी थाना ले जाया गया है। घटना के बाद पूरे शहर में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
(नोट: आरोप सिद्ध होने तक सभी आरोपी कानून की नजर में निर्दोष माने जाते हैं।)