शिलचर। शहर में कथित देह व्यापार, अवैध स्पा सेंटरों और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग को लेकर शिलचर के जागरूक युवा समाज ने कछार के जिलाधिकारी को एक स्मारक पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान शिलचर शहर तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में देह व्यापार, धन के बदले यौन सेवाएं और अन्य अवैध गतिविधियों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है, जिससे सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
संगठन ने आरोप लगाया कि शिलचर के द्वितीय लिंक रोड क्षेत्र में एक महिला द्वारा लंबे समय से अपने घर में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसके खिलाफ कई बार आवाज उठाई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई और गिरफ्तारियां भी कीं। हालांकि, उनका दावा है कि कुछ समय बाद आरोपी जमानत या कानूनी प्रक्रिया के तहत रिहा होकर फिर से उसी गतिविधि में संलिप्त हो जाते हैं, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन में हाल ही में क्लब रोड स्थित इम्पीरियल मॉल के दो स्पा सेंटरों पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है। संगठन का कहना है कि इस मामले में 26 युवतियों की गिरफ्तारी हुई थी, जिसने शहर में संचालित ऐसे कथित अवैध नेटवर्क की गंभीरता को उजागर किया है।
जागरूक युवा समाज का कहना है कि यदि समय रहते इस प्रकार के संगठित अवैध कारोबार पर कठोर अंकुश नहीं लगाया गया, तो इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ेगा और सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
संगठन ने जिलाधिकारी से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर देह व्यापार, अवैध स्पा सेंटरों तथा इस प्रकार की सभी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष, सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।