शिलचर, 16 जून। देशबंधु चित्तरंजन दास की 101वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार सुबह 8:30 बजे एन.एस. एवेन्यू स्थित नेशनल हाईवे रोड प्वाइंट पर उनकी पूर्णाकृति प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिलचर स्थित देशबंधु चित्तरंजन स्मृति रक्षा समिति द्वारा किया गया।
समिति के महासचिव साधन पुरकायस्थ के नेतृत्व में आयोजित इस श्रद्धांजलि समारोह में समाजसेवियों, साहित्यकारों तथा शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने देशबंधु के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, मानवता के प्रति उनकी अटूट निष्ठा तथा हिंदू-मुस्लिम एकता और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति उनके समर्पण को याद किया।
अपने संबोधन में साधन पुरकायस्थ ने कहा कि चित्तरंजन दास केवल एक प्रख्यात वकील और राजनेता ही नहीं, बल्कि कवि, समाजसेवी और महान दानवीर भी थे, जिन्होंने अपना जीवन और संपत्ति जनसेवा के लिए समर्पित कर दी। वहीं बीरेश बनर्जी ने उनके अहिंसावादी दृष्टिकोण, संवैधानिक प्रक्रियाओं में विश्वास तथा सामाजिक समरसता स्थापित करने के प्रयासों की सराहना की।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि देशबंधु का जीवन, संघर्ष और त्याग आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ ग्रीन लैंड के अध्यक्ष ईशान पाटुआ सहित अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे।
स्मृति रक्षा समिति ने आशा व्यक्त की कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम देश की गौरवशाली विरासत, राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।